लोकसभा में आज एंटी पेपर लीक बिल पर होगी चर्चा, सत्ता-पक्ष और विपक्ष के बीच बनी सहमति

Spread the News

नई दिल्ली, 28 जुलाई: संसद के मानसून सत्र के दौरान लंबे गतिरोध के बाद लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 (एंटी पेपर लीक बिल) पर आज मंगलवार, 28 जुलाई को चर्चा होगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सहमति बनने के बाद सदन में दोपहर 12 बजे से इस महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा प्रस्तावित है।

केंद्र सरकार ने सोमवार को यह विधेयक लोकसभा में पेश किया। सरकार का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए मौजूदा कानून को और अधिक सख्त बनाया जा रहा है। प्रस्तावित संशोधनों में दोषियों के लिए 5 से 10 वर्ष तक की सजा, ₹50 लाख तक का जुर्माना, विशेष जांच दल (STF) के गठन, समयबद्ध जांच तथा मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

सोमवार को विपक्ष के हंगामे के कारण विधेयक पर चर्चा नहीं हो सकी थी। विपक्ष छात्र प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांग रहा था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद अब 28 जुलाई को विधेयक पर विस्तृत चर्चा का रास्ता साफ हो गया है।

सरकार का कहना है कि यह संशोधन सार्वजनिक परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम होगा। वहीं विपक्ष ने संकेत दिया है कि वह चर्चा में भाग लेते हुए विधेयक के विभिन्न प्रावधानों पर अपनी राय रखेगा। ऐसे में मंगलवार को लोकसभा में इस विधेयक पर व्यापक बहस होने की संभावना है।