रांची, 24 जुलाई: झारखंड के पारा शिक्षकों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के तहत 7,299 सहायक आचार्य (पारा शिक्षक श्रेणी) पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
अधिसूचना के अनुसार कुल 7,299 रिक्तियों में 6,101 नियमित पद तथा 1,198 बैकलॉग पद शामिल हैं। यह नियुक्तियां राज्य के प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) एवं उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) सरकारी विद्यालयों के लिए की जाएंगी। भर्ती प्रक्रिया स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत संचालित होगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ JTET/CTET अथवा मान्य शिक्षक पात्रता परीक्षा की योग्यता भी पूरी करनी होगी। चयन लिखित प्रतियोगी परीक्षा, दस्तावेज़ सत्यापन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर तक आवेदन शुल्क जमा किया जा सकेगा, 3 सितंबर तक फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड करने का अवसर मिलेगा तथा 5 से 7 सितंबर के बीच आवेदन में त्रुटि सुधार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। परीक्षा तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।
इस भर्ती को झारखंड के हजारों पारा शिक्षकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। लंबे समय से नियमित नियुक्ति की मांग कर रहे शिक्षकों को अब स्थायी नियुक्ति की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर मिलने की उम्मीद है।