दुलमी प्रखंड के 1113 पुरुष अभ्यर्थियों में से 606 ने लिया शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग, 25 अक्टूबर को महिलाओं की परीक्षा
रामगढ़, 25 अक्टूबर: जिले में गृह रक्षा वाहिनी बहाली प्रक्रिया के तहत शनिवार को सिद्धू-कान्हू मैदान में शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा की शुरुआत हुई। पहले दिन दुलमी प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। कुल 1113 अभ्यर्थियों में से 606 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 507 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा स्थल पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, शारीरिक दक्षता परीक्षा के संचालन तथा अनुशासन बनाए रखने के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों के आवागमन तथा प्रवेश व्यवस्था को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया गया। परीक्षा स्थल के अंदर केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लागू रहा।
होमगार्ड बहाली के तहत शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा 24 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक सिद्धू-कान्हू मैदान, रामगढ़ में आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन सुबह पांच बजे से शुरू होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रविवार 25 अक्टूबर को दुलमी प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। इसके बाद मांडू, पतरातू, रामगढ़, गोला और चितरपुर प्रखंडों के अभ्यर्थियों के साथ शहरी गैर-तकनीकी एवं तकनीकी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपनी निर्धारित परीक्षा तिथि की जानकारी प्राप्त कर समय पर परीक्षा स्थल पहुंचने तथा बहाली प्रक्रिया से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई है।