रामगढ़ में सौंदर्यीकरण को नया स्वरूप, सुभाष चौक का उद्घाटन; गांधी स्मारक, अशोक स्तंभ और 100 फीट तिरंगा बने आकर्षण

Spread the News

रामगढ़, 25 अक्टूबर: रामगढ़ शहर में सौंदर्यीकरण और राष्ट्रीय विरासत को संरक्षित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। शनिवार को नवीनीकृत सुभाष चौक का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित महात्मा गांधी की दांडी यात्रा को दर्शाने वाले स्मारक, सूर्य नमस्कार की 12 प्रतिमाएं, भव्य अशोक स्तंभ और 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज शहर की पहचान को नया स्वरूप दे रहे हैं।

महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर स्थापित सुभाष चौक का नवीनीकरण शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ देश की गौरवशाली विरासत को सहेजने की पहल है। चौक नेताजी के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान की याद दिलाता है।

इस अवसर पर रामगढ़ की विधायक ममता देवी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह, डीएफओ नीतीश सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि (मीडिया) धनंजय कुमार पुटूस, नगर अध्यक्ष सुशांत पांडे, कैंट सांसद प्रतिनिधि अनमोल सिंह और पूर्व जिला महामंत्री विजय जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

गांधी चौक स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप महात्मा गांधी की ऐतिहासिक दांडी यात्रा और सत्याग्रह को दर्शाने वाली झांकी स्थापित की गई है। यह स्मारक देश के स्वतंत्रता आंदोलन में गांधी जी के योगदान, अहिंसा और सत्याग्रह के महत्व को दर्शाता है। इससे लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक प्रसंगों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

लघु सिंचाई विभाग के ठीक विपरीत सड़क किनारे योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूर्य नमस्कार के 12 आसनों की आकृतियां स्थापित की गई हैं। ये प्रतिमाएं लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इनके माध्यम से योग, स्वास्थ्य और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया जा रहा है।

रामगढ़ रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार स्थित स्टेशन रोड चौक पर देश के राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ की भव्य स्थापना की गई है। अशोक स्तंभ भारत की राष्ट्रीय पहचान, गौरव और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। इसकी स्थापना से स्टेशन क्षेत्र को एक विशिष्ट पहचान मिली है।

रामगढ़ फुटबॉल ग्राउंड के समीप 100 फीट ऊंचा विशाल राष्ट्रीय ध्वज भी स्थापित किया गया है। ऊंचाई पर लहराता तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देता है। यह स्थल शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा के हजारीबाग जिला प्रभारी दीपक सोनकर, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रूपा कुमारी, नगर परिषद सांसद प्रतिनिधि दिलीप सिंह, दुलमी मंडल सांसद प्रतिनिधि विक्की कुमार, बरलंगा मंडल सांसद प्रतिनिधि मंशु बेदिया सहित बबली सिंह, अंकित सिंह, सचिन करमाली, अजय कुमार, अमर बोदरा, सलिल मोहन मिश्रा और योगेश दांगी समेत अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

शहर के विभिन्न स्थानों पर विकसित किए गए ये स्थल राष्ट्रीय महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान को प्रदर्शित करते हैं। इन पहलों से रामगढ़ के सौंदर्यीकरण के साथ नागरिकों और नई पीढ़ी को देश के इतिहास, योग तथा राष्ट्रीय गौरव से जुड़ने का अवसर मिलेगा।