होमगार्ड बहाली के दूसरे दिन दौड़ में शामिल हुईं दुलमी की महिला अभ्यर्थी, 342 रहीं अनुपस्थित

Spread the News

930 निर्धारित अभ्यर्थियों में से 588 ने लिया भाग, निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

रामगढ़, 26 अक्टूबर: रामगढ़ जिले के सिद्धू-कान्हू मैदान में गृह रक्षा वाहिनी बहाली प्रक्रिया के दूसरे दिन रविवार को दुलमी प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान निर्धारित 930 अभ्यर्थियों में से 588 ने भाग लिया, जबकि 342 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं।

जिला प्रशासन की देखरेख में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन से लेकर परीक्षा संचालन तक निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

गौरतलब है कि होमगार्ड बहाली के तहत शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का आयोजन 24 अक्टूबर से पांच नवंबर तक सिद्धू-कान्हू मैदान, रामगढ़ में किया जा रहा है। पहले दिन दुलमी प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई थी। इसमें निर्धारित 1113 अभ्यर्थियों में से 606 उपस्थित हुए थे, जबकि 507 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे।

जिला प्रशासन द्वारा पूरी बहाली प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न प्रखंडों के अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जा रही है।