रांची, 14 जुलाई: देश के प्रतिष्ठित तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शामिल बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT), मेसरा अपना 72वां स्थापना दिवस 15 जुलाई को भव्य समारोह के साथ मनाएगा। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में संस्थान के विशिष्ट पूर्व छात्र एवं टेगा इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मदन मोहन मोहांका विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
संस्थान के स्थापना दिवस समारोह में शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों की भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में योगदान को रेखांकित किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं संकाय सदस्यों को सम्मानित किए जाने की भी संभावना है।
स्थापना दिवस से पहले वार्षिक रिसर्च स्कॉलर्स डे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें शोध एवं नवाचार से जुड़े कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह आयोजन संस्थान में हो रहे अत्याधुनिक शोध कार्यों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।
गौरतलब है कि वर्ष 1955 में स्थापित BIT मेसरा देश के अग्रणी तकनीकी संस्थानों में शामिल है। इंजीनियरिंग, प्रबंधन, वास्तुकला, फार्मेसी एवं विज्ञान के क्षेत्र में संस्थान ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संस्थान के पूर्व छात्र देश-विदेश की प्रमुख कंपनियों, अनुसंधान संस्थानों और सरकारी संगठनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।