पटना, 10 जुलाई: बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव राष्ट्रीय राजनीति का केंद्र बनता जा रहा है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने के बाद अब खबर है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं टीवीके (TVK) प्रमुख विजय थलपति उनके समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए बिहार आ सकते हैं। इससे बांकीपुर सीट को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, प्रशांत किशोर और विजय थलपति के बीच लंबे समय से राजनीतिक संबंध रहे हैं। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की जीत के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने में प्रशांत किशोर की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। इसी राजनीतिक रिश्ते को देखते हुए विजय का बिहार दौरा प्रस्तावित बताया जा रहा है। हालांकि, उनके दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है।
बांकीपुर सीट भाजपा का पारंपरिक गढ़ मानी जाती है। प्रशांत किशोर ने स्वयं इस सीट से चुनाव लड़ने का फैसला करते हुए कहा है कि उन्होंने जानबूझकर कठिन सीट चुनी है ताकि बिहार की राजनीति में मुद्दों और विकास की राजनीति को नया संदेश दिया जा सके। उन्होंने इसे नई सरकार और राज्य की राजनीति की बड़ी परीक्षा भी बताया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि विजय थलपति बांकीपुर में प्रचार करते हैं तो यह चुनाव केवल एक विधानसभा उपचुनाव नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन जाएगा। ऐसे में सभी प्रमुख दलों की नजरें अब इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले पर टिक गई हैं।