रामगढ़, 11 जुलाई: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए 17 फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी आवेदकों से एक-एक कर मुलाकात की, उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सड़क निर्माण समेत विभिन्न जन समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।