मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज, जिला स्तरीय अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

Spread the News

रामगढ़, 09 जुलाई: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत रामगढ़ जिले में गणना कार्य तेजी से चल रहा है। 23-रामगढ़ विधानसभा एवं 22-बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र (पतरातू भाग) में 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चल रहे गणना चरण के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों ने बुधवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर समाहर्ता मनिंद्र भगत सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण, मतदाताओं से समन्वय, प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन तथा अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की।

अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी पात्र मतदाताओं तक गणना प्रपत्र शत-प्रतिशत पहुंचाया जाए तथा प्राप्त प्रपत्रों की प्रविष्टि बीएलओ ऐप के माध्यम से समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से सुनिश्चित की जाए। जिन मतदान केंद्रों पर कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, वहां संबंधित बीएलओ को आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए अभियान में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने सभी बीएलओ, पर्यवेक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपादित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित कर जिले की मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।