रामगढ़, 09 जुलाई: झारखंड विधानसभा की आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति ने बुधवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं, आंतरिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। समिति के सभापति रामेश्वर उरांव एवं सदस्य आलोक कुमार ने परिसदन परिसर में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में समिति ने जिले में संचालित केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं, राजस्व संग्रहण, आधारभूत संरचना विकास तथा अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी विस्तार से प्रस्तुत की।
समीक्षा के दौरान सभापति रामेश्वर उरांव ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने का निर्देश दिया।
समिति के सदस्य आलोक कुमार ने भी विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए आवश्यक सुझाव दिए और विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने केंद्रीय सहायता से संचालित परियोजनाओं एवं जिले के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर समिति को अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई।