जयराम महतो बने डॉ. जयराम, पीएचडी की उपाधि से हुए सम्मानित

Spread the News

धनबाद, 10 अक्टूबर: झारखंड की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले डुमरी विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रमुख जयराम महतो ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शुक्रवार को धनबाद स्थित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) के तीसरे दीक्षांत समारोह में उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। इसके साथ ही अब वे डॉ. जयराम महतो के नाम से जाने जाएंगे।

झारखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की। जयराम महतो ने विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग से अपना शोध कार्य पूरा किया है। इस खास मौके पर उनकी मां शीला देवी भी मौजूद रहीं।

राजनीति की व्यस्त दिनचर्या और सार्वजनिक जीवन की चुनौतियों के बीच उच्च शिक्षा की पढ़ाई पूरी करना उनकी मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

जयराम महतो की यह सफलता इस संदेश को भी मजबूत करती है कि राजनीतिक और सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ शिक्षा की राह पर आगे बढ़ा जा सकता है। पीएचडी की उपाधि मिलने के साथ ही उनके जीवन में एक नई शैक्षणिक उपलब्धि जुड़ गई है।