रांची, 09 जुलाई: झारखंड के प्रतिष्ठित बीआईटी मेसरा ने एक बार फिर कैंपस प्लेसमेंट में शानदार सफलता हासिल की है। संस्थान के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के छात्र अंकित कुमार, जो पलामू जिले के डाल्टनगंज के रहने वाले हैं, का चयन प्रोफेशनल नेटवर्किंग कंपनी लिंक्डइन में 1.09 करोड़ रुपये के आकर्षक पैकेज पर हुआ है।
अंकित की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पलामू और झारखंड का गौरव बढ़ाया है। कठिन प्रतिस्पर्धा वाले चयन प्रक्रिया के बाद उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑफर मिला है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
इसी प्लेसमेंट सीजन में बीआईटी मेसरा के ही कंप्यूटर साइंस विभाग के छात्र कुशाग्र सहाय को भी लिंक्डइन ने 1.40 करोड़ रुपये के वार्षिक पैकेज पर नियुक्त किया है। दोनों छात्रों की सफलता संस्थान में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण मानी जा रही है।
संस्थान के निदेशक, प्राध्यापकों और प्लेसमेंट सेल ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस उपलब्धि से बीआईटी मेसरा का देश के अग्रणी तकनीकी संस्थानों में स्थान और मजबूत हुआ है। वहीं, झारखंड के विद्यार्थियों के लिए यह संदेश भी है कि प्रतिभा, मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर वैश्विक कंपनियों में ऊंचे पैकेज प्राप्त किए जा सकते हैं।