जमशेदपुर, 9 जुलाई। करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या के चर्चित मामले में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मामले के मुख्य आरोपी और दो लाख रुपये के इनामी अपराधी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। कई दिनों से फरार चल रहा आरोपी बदले हुए हुलिये में अदालत पहुंचा और मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में सरेंडर कर दिया। आत्मसमर्पण के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात बिष्टूपुर स्थित डीडी बार एंड कैफे के बाहर करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या हुई थी। घटना के बाद से विश्वनाथ मंडल फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) लगातार छापेमारी कर रही थी और उस पर दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
आत्मसमर्पण के बाद अब पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से हत्या की साजिश, फरारी के दौरान मिली मदद और मामले में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। इसके लिए अदालत में पुलिस रिमांड की अर्जी भी दाखिल किए जाने की तैयारी है।
इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मुख्य आरोपी के आत्मसमर्पण को जांच में अहम सफलता माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और शेष कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।