रामगढ़ में कृषि उन्नयन अभियान तेज, मिलेट मिशन के तहत किसानों का पंजीकरण शुरू

Spread the News

रामगढ़, 08 जुलाई: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर जिले में कृषि उन्नयन अभियान को गति दी जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को रामगढ़ प्रखंड के गोसा गांव में किसानों के बीच मड़ुआ (रागी) की खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मोटे अनाज की खेती के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है।

कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार के मिलेट मिशन के तहत विभिन्न गांवों के प्रगतिशील किसानों का पंजीकरण किया गया, ताकि उन्हें योजना का सीधा लाभ मिल सके। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को मड़ुआ की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती की विधियों, पोषण संबंधी महत्व तथा बाजार में इसकी बढ़ती मांग के बारे में जानकारी दी।

इसके अलावा खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को धान की वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों के चयन, संतुलित उर्वरक उपयोग, जल प्रबंधन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वैज्ञानिक पद्धति अपनाने से खेती की लागत कम होगी और उत्पादन व किसानों की आय में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (BTM), सहायक तकनीकी प्रबंधक (ATM), स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान मित्र एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कृषि विभाग ने किसानों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक तकनीकों के साथ खेती करने की अपील की।