सरकारी परियोजनाओं के लिए एनओसी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश, सीसीएल पुनर्वास स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर

Spread the News

रामगढ़, 05 जुलाई: जिले में सीसीएल एवं टाटा क्षेत्र के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी परियोजनाओं के निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र सहित अन्य जनहित से जुड़ी सरकारी परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने तथा एनओसी निर्गत करने से संबंधित लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों, सीसीएल और टाटा प्रबंधन के प्रतिनिधियों से प्रस्तावों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाएं सीधे आम जनता के हित से जुड़ी हैं। इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी विभागों एवं संबंधित संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक में परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि से जुड़े तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस दौरान उपायुक्त ने सीसीएल के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए वहां स्वास्थ्य, शिक्षा, शौचालय, बिजली, पेयजल एवं ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं का आकलन कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, सीसीएल एवं टाटा प्रबंधन के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।