रामगढ़, 04 जुलाई: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग (बी.एड.) सत्र 2025-27 के छात्र-छात्राओं ने फैकल्टी-स्टूडेंट्स एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत मैक्स इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग, डॉ. एस. राधाकृष्णन कॉलेज ऑफ एजुकेशन एवं महर्षि परमहंस कॉलेज ऑफ एजुकेशन का शैक्षणिक भ्रमण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य भावी शिक्षकों को विभिन्न शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों की शैक्षणिक कार्यप्रणाली, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं प्रशिक्षण संसाधनों से परिचित कराना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय, आईसीटी लैब, मनोविज्ञान प्रयोगशाला तथा अन्य शिक्षण-अधिगम संसाधनों का अवलोकन किया। साथ ही शिक्षकों एवं प्रशिक्षु विद्यार्थियों के साथ संवाद कर शिक्षक शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यवहारिक अनुभव प्राप्त किए।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं अनुभवात्मक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा। कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप अनुभवात्मक शिक्षा पर बल दिया, जबकि कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने शैक्षणिक आदान-प्रदान को नए अवसरों का माध्यम बताया।
इस अवसर पर वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार एवं प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के शिक्षकगण एवं सभी बी.एड. छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।