रांची, 02 जुलाई: राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत विभिन्न जिलों में कार्यरत 41 शिक्षा अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस संबंध में विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है।
तबादला सूची में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) तथा अन्य शिक्षा प्रशासन से जुड़े अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। कई अधिकारियों को ऐसे जिलों में भेजा गया है, जहां लंबे समय से पद रिक्त थे या प्रशासनिक आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
शिक्षा विभाग के अनुसार यह फेरबदल विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से किया गया है। नई पदस्थापन से जिलों में शैक्षणिक गतिविधियों की बेहतर निगरानी, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्धारित समय के भीतर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। शिक्षा विभाग के इस निर्णय को राज्य में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।