अरगड्डा (रामगढ़), 27 जून: अरगड्डा कोलियरी क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व शनिवार को श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न अखाड़ों द्वारा भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान या हुसैन की सदाओं और पारंपरिक करतबों ने माहौल को श्रद्धामय बना दिया।
इस दौरान समाजसेवी और नगर परिषद उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता ने हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने जुलूस में शामिल मुस्लिम भाइयों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा सभी को मोहर्रम की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी धर्म आपसी प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश देते हैं तथा समाज की एकता ही देश की सबसे बड़ी ताकत है।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए रणधीर गुप्ता की ओर से जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल एवं कोल्ड ड्रिंक की भी व्यवस्था की गई, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने वाला कदम बताया।
मोहर्रम जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।