मोहर्रम पर रांची के सभी विद्यालय आज 27 जून को रहेंगे बंद

Spread the News

डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जारी किया आदेश, विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया निर्णय

रांची, 27 जून। मोहर्रम पर्व के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, निजी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में शनिवार, आज 27 जून 2026 को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने आदेश जारी कर सभी विद्यालयों को इसका अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, मोहर्रम के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में स्कूली बच्चों की सुरक्षा एवं आवागमन में होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

आदेश के अनुसार, यह अवकाश जिले के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त तथा अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। हालांकि, यदि किसी विद्यालय में पूर्व निर्धारित परीक्षा आयोजित करना अत्यंत आवश्यक हो, तो संबंधित विद्यालय जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को पूर्व सूचना देकर विशेष परिस्थितियों में परीक्षा आयोजित कर सकता है।

जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए।