कार्यालयों में जनसेवा और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर दें विशेष ध्यान: उपायुक्त ऋतुराज

Spread the News

रामगढ़, 23 जून: उपायुक्त ऋतुराज ने सोमवार को अनुमंडल कार्यालय रामगढ़, भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी) कार्यालय तथा प्रखंड सह अंचल कार्यालय रामगढ़ का निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, जनसेवा से जुड़े कार्यों तथा लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अनुमंडल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर संचिकाओं के रखरखाव, लंबित मामलों की स्थिति एवं आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि जनसरोकार से जुड़े मामलों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।

भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय में उपायुक्त ने दाखिल-खारिज, ऑनलाइन म्यूटेशन, जमाबंदी सुधार, भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादित करने का निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व प्रशासन से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, राजस्व कार्यों तथा नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। साथ ही कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और बेहतर कार्यालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और सभी सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यकुशलता का आकलन जनता को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता से होता है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।