रामगढ़, 23 जून: आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को टाउन हॉल, रामगढ़ में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने मोहर्रम के आयोजन को लेकर शांति समिति के सदस्यों से सुझाव प्राप्त किए तथा प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि रामगढ़ जिला सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल रहा है। इस परंपरा को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
उपायुक्त ने बताया कि मोहर्रम के मद्देनजर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। जुलूस मार्गों का सत्यापन कराया जा रहा है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भड़काऊ सामग्री की सूचना तुरंत प्रशासन और पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहने की भी अपील की।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े सुझाव दिए। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मोहर्रम के सभी जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन किया जाएगा। साथ ही सभी समुदायों के बीच आपसी संवाद और समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से सहयोग, संयम और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की।