BIT मेसरा और IIT खड़गपुर के बीच एमओयू, संयुक्त शोध व तकनीकी नवाचार को मिलेगा नया आयाम

Spread the News

रांची/खड़गपुर: 22 जून: देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों BIT Mesra और IIT Kharagpur के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया गया है। इस सहयोग के माध्यम से दोनों संस्थान विज्ञान, इंजीनियरिंग, उन्नत विनिर्माण, सतह अभियांत्रिकी तथा नवाचार आधारित अनुसंधान परियोजनाओं पर मिलकर कार्य करेंगे।

समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध परियोजनाएं संचालित करेंगे, शिक्षकों और शोधार्थियों के बीच अकादमिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देंगे तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तकनीकी चुनौतियों के समाधान के लिए सहयोगात्मक पहल करेंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों को आधुनिक अनुसंधान सुविधाओं का लाभ मिलने के साथ-साथ नई तकनीकों के विकास में भागीदारी का अवसर भी प्राप्त होगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस साझेदारी से झारखंड और पूर्वी भारत में तकनीकी शिक्षा एवं अनुसंधान को नई दिशा मिलेगी। दोनों संस्थान पहले भी विभिन्न वैज्ञानिक एवं तकनीकी कार्यक्रमों में सहयोग करते रहे हैं और अब यह समझौता उस सहयोग को अधिक संस्थागत स्वरूप प्रदान करेगा।

BIT मेसरा के कुलपति इंद्रनील मन्ना  तथा IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती के नेतृत्व में यह पहल उच्च शिक्षा, नवाचार और उद्योग-उन्मुख अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।