रामगढ़ जिला योगासन चैंपियनशिप में राधा गोविंद विश्वविद्यालय का शानदार प्रदर्शन, छात्रों ने जीते कई पदक

Spread the News

खुशबू कुमारी और विकास कुमार राम ने जीता स्वर्ण पदक, खुशी कुमारी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

रामगढ़, 21 जून। रामगढ़ के बिजुलिया स्थित अशेश्वर सिंह ब्रह्मर्षि धर्मशाला में आयोजित चौथी रामगढ़ जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में राधा गोविंद विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। रामगढ़ जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन (आरडीवाईएसए) द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का शानदार परिचय दिया।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के शुभम कुमार वर्मा एवं विवेक लकड़ा ने कोच तथा तकनीकी समिति के सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आयोजन की सफलता में योगदान दिया।

शारीरिक शिक्षा विभाग के खिलाड़ियों ने सीनियर आयु वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन किया। छात्रा खुशबू कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया, जबकि दीप्ति कुमारी ने रजत पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग में विकास कुमार राम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

वहीं गणित विभाग की प्रतिभाशाली छात्रा खुशी कुमारी (सत्र 2023-27) ने कैटेगरी-1 ट्रेडिशनल एवं कैटेगरी-2 ट्विस्टिंग बॉडी स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के आधार पर उनका चयन 25 से 28 जून 2026 तक लातेहार में आयोजित होने वाली झारखंड राज्य योगासन प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारियों, शारीरिक शिक्षा विभाग के लेफ्टिनेंट डॉ. अमन वर्मा, गणित विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार पांडेय सहित अन्य शिक्षकों ने विजेता खिलाड़ियों, कोच एवं तकनीकी समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विश्वविद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।