रामगढ़, 21 जून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए रामगढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। परीक्षा से पूर्व शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया तथा तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं एसपी ने केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा की।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर समय से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर जोर दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने, प्रवेश पत्र एवं आवश्यक पहचान पत्र साथ लाने तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी केंद्रों पर सख्त निगरानी के बीच परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।