ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने किया रामगढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का उद्घाटन

Spread the News

रामगढ़, 20 जून: झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले के दौरे के दौरान अनुमंडल कार्यालय परिसर के समीप नवनिर्मित प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

मंत्री ने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया तथा भवन का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालय कक्षों, नागरिक सुविधा केंद्रों एवं उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन के साथ-साथ आम नागरिकों को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और आम जनता को केंद्र में रखकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नए कार्यालय भवनों एवं आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

मंत्री ने कहा कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण इकाई हैं। बेहतर आधारभूत संरचना से कार्य संस्कृति में सुधार होगा और सेवा वितरण प्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में ममता देवी, ऋतुराज, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधिगण, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवनिर्मित भवन को क्षेत्र के प्रशासनिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों को सरकारी सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा होगी तथा प्रशासनिक कार्यों की दक्षता में वृद्धि होगी।