मतदाता मैपिंग के लिए जागरूकता रथ रवाना, 13 से 15 जून तक सभी बूथों पर विशेष कैंप

Spread the News

रामगढ़, 14 जून: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को गति देने और मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय परिसर से विशेष जागरूकता रथ को रवाना किया गया। उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रथ को जिले के विभिन्न क्षेत्रों के भ्रमण के लिए रवाना किया।

जागरूकता रथ जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देगा तथा पात्र नागरिकों और मतदाताओं को समय पर अपनी मतदाता मैपिंग कराने के लिए प्रेरित करेगा। प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक मतदाताओं को इस प्रक्रिया से जोड़ना है ताकि मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 13 जून से 15 जून 2026 तक तीन दिवसीय विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों में मतदाता अपनी मैपिंग से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर निर्धारित अवधि के दौरान आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग दें।

कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं निर्वाचन कर्मी उपस्थित थे। प्रशासन ने कहा कि व्यापक जनभागीदारी से ही विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाया जा सकता है।