रामगढ़, 14 जून: उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा के पुनर्विकास, सुंदरीकरण एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर परिसर में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में परियोजना के कारण प्रभावित एवं विस्थापित हुए दुकानदारों के पुनर्वास के मुद्दे पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ तथा चितरपुर एवं गोला के अंचल अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर चयनित भूमि पर दुकानों के निर्माण के लिए जल्द से जल्द मार्किंग (चिह्नीकरण) का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि विस्थापित दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से पुनः स्थापित किया जाएगा ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो। उन्होंने पुनर्वास प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया।
बैठक में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कुल 254 दुकानों का आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाएगा, जिससे सभी पात्र लाभुकों को समान अवसर मिल सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़, संबंधित अंचल अधिकारी, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।