रामगढ़, 12 जून: रामगढ़ जिले के किसानों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। जिला प्रशासन के प्रयासों से जिले में उत्पादित आमों की लगभग दो टन खेप यूनाइटेड किंगडम (यूके) के लिए रवाना की गई। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त ऋतुराज ने हरी झंडी दिखाकर आमों की खेप को रवाना किया।
यह आम पतरातू, दुलमी एवं मांडू प्रखंड के किसानों द्वारा उत्पादित किए गए हैं। निर्यात प्रक्रिया के तहत खेप को पहले कोलकाता भेजा जाएगा, जहां गुणवत्ता परीक्षण, प्रसंस्करण और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसे यूके के बाजारों में भेजा जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। रामगढ़ के आमों का अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचना किसानों की मेहनत और जिले की कृषि गुणवत्ता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जिले के अन्य कृषि एवं बागवानी उत्पादों को भी वैश्विक बाजारों से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और विपणन सुविधाओं से किसानों को जोड़ने के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, परियोजना पदाधिकारी अनुज राणा, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी (मनरेगा) विजय कुमार समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी, कृषि विभाग के पदाधिकारी और किसान प्रतिनिधि उपस्थित थे।
रामगढ़ के आमों की यह अंतरराष्ट्रीय उड़ान जिले के कृषि क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाली पहल मानी जा रही है।