जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 10 जून: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं से जुड़ी समस्याएं, अबुआ आवास योजना संबंधी शिकायतें, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज एवं दखल-दिहानी के मामले, राशन कार्ड में नाम जोड़ने की मांग, सड़क निर्माण सहित विभिन्न जनहित के मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।

उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता दरबार प्रशासन और आम लोगों के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।