रामगढ़, 22 मई: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (पलाश) की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में “हर घर सुरक्षा अभियान” का सफल आयोजन किया गया। अभियान के तहत सखी मंडलों और ग्रामीण परिवारों को केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं- प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY)- के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बीमा क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया और उसके महत्व की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान सदर प्रखंड के लोलो गांव, दुलमी प्रखंड के गोरातु, पोटमदगा एवं भालू गांव, गोला प्रखंड के तोयार, जयंतीबेरा एवं कोराम्बे गांव, चितरपुर प्रखंड के मायेल एवं मुरुबंदा गांव तथा मांडू प्रखंड के दुरुकसमार, मांडूचट्टी, गोविंदपुर, गरगाली एवं सोंडीहा गांवों में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में बीमा शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता रैली, रंगोली और अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। बीमा नवीनीकरण एवं नए बीमा से संबंधित जानकारी साझा करते हुए न्यूनतम 500 रुपये की अनिवार्य राशि जमा करने की प्रक्रिया भी बताई गई।
पलाश (JSLPS) द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाना है। अभियान में सखी मंडल सदस्य, बैंक सखी, सामुदायिक कैडर एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।