रांची : झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य की दो प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ और ‘मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना’ के तहत कुल 10,263 करोड़ रुपये की राशि सभी 24 जिलों को आवंटित कर दी है। इस संबंध में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह ने बुधवार को आदेश जारी किया।
जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना मद में राज्य के सभी जिलों के लिए कुल 80 अरब 71 करोड़ 95 लाख 60 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के तहत 21 अरब 91 करोड़ 68 लाख 42 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं, वृद्धों, दिव्यांगों एवं जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। राशि जारी होने के बाद जिलों में लाभुकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया तेज होगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गंभीर है और लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए लगातार निगरानी भी की जा रही है।