रामगढ़, 16 मई: गोला प्रखंड की सोसो कला पंचायत में वज्रपात, आंधी एवं तूफान से बचाव को लेकर ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि बिजली चमकने एवं गर्जन के समय खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलाशयों से दूर रहें तथा सुरक्षित भवनों में शरण लें।
ग्रामीणों को मोबाइल एवं विद्युत उपकरणों का सीमित उपयोग करने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई। किसानों को खेतों में कार्य करते समय विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। साथ ही बताया गया कि वज्रपात की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएं और किसी भी आपात स्थिति की सूचना प्रशासन को दें।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, प्रखंड कर्मी, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।