रामगढ़, 14 मई: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संकाय के एच-ब्लॉक स्थित सेमिनार कक्ष में बुधवार को “फायर सेफ्टी” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जुपिटर वैगन्स लिमिटेड, जमशेदपुर के जूनियर मैनेजर नंद कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ. अवनीश कुमार के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान औद्योगिक एवं तकनीकी परिवेश में फायर सेफ्टी का ज्ञान अत्यंत आवश्यक हो गया है और इस प्रकार के व्याख्यान विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने में सहायक होते हैं।
अपने संबोधन में नंद कुमार ने अग्नि दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण, बचाव के उपाय, औद्योगिक सुरक्षा मानकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संकाय सदस्यों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अंत में डॉ. सत्य प्रकाश पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य वक्ता, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।