रामगढ़, 13 मई: जिले में आम नागरिकों की शिकायतों के शीघ्र समाधान को लेकर उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में जन शिकायत निवारण प्रणाली MEETA रामगढ़ पोर्टल पर प्राप्त लंबित आवेदनों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि पोर्टल पर अब तक कुल 277 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 42 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि अत्यावश्यक श्रेणी के मामलों का निष्पादन सात दिनों के भीतर तथा मध्यम श्रेणी के मामलों का समाधान 15 दिनों के अंदर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को समय सीमा का पालन करते हुए शिकायतों के निपटारे में गंभीरता बरतने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान जिला नियोजन पदाधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने उनसे स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। साथ ही जिलास्तरीय एवं क्षेत्रीय कार्यालयों में जन शिकायत कोषांग गठित कर कार्यालय व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण एवं निरीक्षण करने, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा साप्ताहिक आधार पर जन आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही।
बैठक में समाहरणालय के वरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सीसीएल अरगड्डा एवं रजरप्पा परियोजना के अधिकारी समेत जन शिकायत कोषांग के कर्मी उपस्थित थे।