नेमरा गांव में वज्रपात का कहर, 26 पशुओं की मौत, मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू

Spread the News

प्रशासनिक टीम ने किया निरीक्षण, प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू

रामगढ़, 13 मई: गोला प्रखंड के नेमरा गांव में भारी वर्षा और वज्रपात से हुए नुकसान के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला एवं प्रखंड स्तरीय संयुक्त टीम ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण दल में गोला अंचल अधिकारी, अंचल निरीक्षक, पशुपालन विभाग के चिकित्सक, बरलंगा थाना प्रभारी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। टीम ने गांव पहुंचकर प्रभावित किसानों से मुलाकात की और घटना से हुई क्षति का आकलन किया।

प्रशासनिक जांच में सामने आया कि 12 मई को हुई तेज बारिश और वज्रपात की घटना में 13 किसानों के कुल 26 पशुओं की मौत हुई है। मृत पशुओं में 7 गाय और 19 बैल शामिल हैं। घटना के बाद गांव में पशुपालकों के बीच चिंता का माहौल है।

पशुपालन विभाग की टीम ने मृत पशुओं का निरीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उन्हें नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से राहत प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाई जाए और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।

जिला प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि वज्रपात के समय खुले स्थानों में जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।