मध्यमग्राम में बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, राजनीतिक माहौल गरमाया
कोलकाता, 07 मई: सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक और करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की पश्चिम बंगाल में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में बुधवार रात हुई, जिसके बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ अपनी कार से कहीं जा रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और मौका मिलते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि रथ को कई गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना में उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है।
चंद्रनाथ रथ पिछले करीब 10 वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे और उन्हें उनका बेहद विश्वसनीय सहयोगी माना जाता था। भाजपा नेताओं ने इस हत्या को सुनियोजित साजिश बताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। शुभेंदु अधिकारी ने घटना को “पूर्व नियोजित हत्या” करार देते हुए कहा कि उनके सहयोगी की कई दिनों से रेकी की जा रही थी।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने भी इस घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी ने कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से कारतूस समेत कई अहम सबूत बरामद किए हैं।