रामगढ़ में अवैध खनन पर सख्ती, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त; प्राथमिकी दर्ज

Spread the News

रामगढ़, 07 मई: जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा योजनाबद्ध ढंग से अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को भुरकुंडा ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमुहान पुल के समीप एक बालू लदा ट्रैक्टर को पकड़कर जब्त किया गया।

खान निरीक्षक द्वारा की गई जांच में ट्रैक्टर (Eicher 380 USJ) पर लगभग 100 सीएफटी बालू लदा पाया गया, लेकिन संबंधित वैध परिवहन चालान प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद ट्रैक्टर को खनिज सहित विधिवत जब्त कर लिया गया।

प्रशासन ने वाहन मालिक, चालक एवं अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए भुरकुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज मामले में सरकारी संपत्ति की चोरी, खनन राजस्व की क्षति तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4 एवं 21 सहित झारखंड के प्रासंगिक नियमों के तहत आरोप लगाए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।