रामगढ़, 6 मई: राधा गोविंद विश्वविद्यालय, रामगढ़ में बुधवार को ऑडिटोरियम हॉल में भव्य प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 150 विद्यार्थियों ने पंजीयन कर रोजगार के अवसरों के लिए भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों एवं विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्लेसमेंट ड्राइव में भाग लेने वाली कंपनियों का आभार व्यक्त किया।
इस ड्राइव में कल्याणी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, ट्रिपल डॉट सॉफ्टवेयर सर्विसेज, आयुदा सॉल्यूशन तथा कंस्ट्रक्स एंड यूनिफाई एचआर एंड आईटी सॉल्यूशन, रांची सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर छात्रों को रोजगार के अवसर प्रदान किए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जोड़ना और उनके करियर को दिशा देना था।
विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा विद्यार्थियों को इंटरव्यू, ग्रुप डिस्कशन एवं व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण भी दिया गया। कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख बनाना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।
विश्वविद्यालय सचिव प्रियंका कुमारी एवं कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की सफलता में प्लेसमेंट सेल की अहम भूमिका रही।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और करियर निर्माण में सहायक होते हैं।