रामगढ़, 05 मई: जिला समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमिटी (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक ममता देवी, विधायक निर्मल महतो, विधायक रोशन लाल चौधरी, उपायुक्त ऋतुराज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी एवं नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान सांसद ने जेएसएलपीएस के तहत संचालित सखी मंडलों को मजबूत करने और उन्हें रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर मरम्मत एवं नए कनेक्शन के लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत सभी पात्र लाभुकों को पेंशन से जोड़ने तथा ‘मईया सम्मान योजना’ में आ रही समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा में पाठ्यपुस्तक वितरण, पोशाक डीबीटी और मध्याह्न भोजन व्यवस्था को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में सदर अस्पताल सहित अन्य केंद्रों में सुविधाओं को बेहतर बनाने, नियमित टीकाकरण और ट्रॉमा सेंटर को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। जलापूर्ति योजनाओं की स्थिति सुधारने और बंद योजनाओं को जल्द चालू करने के लिए व्यापक सर्वे कराने को कहा गया।
बैठक में चुट्टूपालू घाटी में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने तथा चरही घाटी में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। अंत में जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।