भीषण गर्मी में जल संकट से राहत: रामगढ़ में युद्धस्तर पर चल रहा मरम्मत कार्य

Spread the News

रामगढ़, 04 मई: झारखंड सरकार के निर्देशानुसार उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के नेतृत्व में जिले में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर मरम्मत कार्य तेज़ी से जारी है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने जल संकट की संभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया है, जिसके तहत खराब पड़े चापाकलों, पाइपलाइनों और जलमीनारों की मरम्मत युद्धस्तर पर की जा रही है।

प्रशासन द्वारा गठित विशेष टीमों को विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात किया गया है, जो लगातार फील्ड में रहकर समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही हैं। जहां-जहां जलापूर्ति बाधित होने की सूचना मिल रही है, वहां तुरंत मरम्मत कार्य कर आपूर्ति बहाल की जा रही है। इसके अलावा, पेयजल स्रोतों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी स्थिति में आमजन को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शिकायतों के त्वरित निष्पादन और पारदर्शी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन की इस सक्रिय पहल से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है और भीषण गर्मी के बीच जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।