भीषण गर्मी में जल संकट से निपटने की तैयारी तेज, 2 से 15 मई तक विशेष जलापूर्ति शिविर आयोजित होंगे

Spread the News

रामगढ़, 01 मई: राज्य सरकार के निर्देशानुसार भीषण गर्मी को देखते हुए जिले में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जलापूर्ति से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि 2 मई 2026 से 15 मई 2026 तक जिले के सभी पंचायतों एवं नगर परिषद क्षेत्रों में विशेष जलापूर्ति शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं तथा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे, वहां उसी दिन जलापूर्ति योजनाओं और चापानलों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिविरों में प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर घड़ों में पानी की व्यवस्था की जाए, ताकि राहगीरों को भीषण गर्मी में राहत मिल सके। प्रशासन का यह कदम आम जनता को गर्मी से राहत देने और जल संकट की समस्या को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।