बिहार विधानसभा में आज NDA सरकार का फ्लोर टेस्ट, सम्राट चौधरी पेश करेंगे विश्वास मत

Spread the News

पटना, 24 अप्रैल: बिहार की राजनीति में आज अहम दिन है। विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी नई NDA सरकार के लिए विश्वास मत पेश करेंगे। सत्र की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें सरकार को अपना बहुमत साबित करना है।

विधानसभा की कुल 243 सीटों में से एक सीट खाली होने के कारण प्रभावी संख्या कम है। वर्तमान स्थिति में NDA के पास स्पष्ट बहुमत बताया जा रहा है, जिससे सरकार के लिए विश्वास मत हासिल करना आसान माना जा रहा है। वहीं विपक्ष, खासकर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में RJD-कांग्रेस गठबंधन सरकार को घेरने की तैयारी में है, हालांकि संख्या बल उनके पक्ष में नहीं दिख रहा।

गौरतलब है कि हाल ही में नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। यह पहली बार है जब BJP के नेतृत्व में बिहार में सीधा मुख्यमंत्री बना है।

फ्लोर टेस्ट को लेकर विधानसभा परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। इससे पहले सर्वदलीय बैठक में शांतिपूर्ण ढंग से सदन चलाने पर सहमति बनी थी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संख्या बल के आधार पर NDA सरकार आसानी से विश्वास मत जीत लेगी, लेकिन सदन में बहस के दौरान विपक्ष सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला कर सकता है। अब सभी की नजरें आज होने वाली मतदान प्रक्रिया और उसके परिणाम पर टिकी हैं।