रामगढ़, शनिवार: रामगढ़ जिले के 15वें उपायुक्त के रूप में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी ऋतुराज ने आज शनिवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर निवर्तमान उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने उन्हें औपचारिक रूप से प्रभार सौंपा।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ऋतुराज ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
नए उपायुक्त ने स्वास्थ्य और शिक्षा को विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में समग्र और गुणवत्तापूर्ण सुधार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में इन दोनों महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जाएंगे।
ऋतुराज ने यह भी कहा कि पूर्व उपायुक्त द्वारा शुरू की गई जनहित की योजनाओं और पहलों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास की गति को बनाए रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आम जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
जिले में नए उपायुक्त के आगमन से प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा और गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।