रामगढ़, 18 अप्रैल 2026: राधा गोविंद विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित क्रॉस फिटनेस प्रतियोगिता का सफल आयोजन शनिवार को विश्वविद्यालय के खेल मैदान में किया गया। यह प्रतियोगिता सुभाष चंद्र बोस हाउस के तत्वावधान में संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और शारीरिक दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना और जोश देखने लायक रहा।
परिणामों की घोषणा करते हुए बालक वर्ग में सुभाष चंद्र बोस हाउस को विजेता घोषित किया गया, जबकि बालिका वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई हाउस ने प्रथम स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने प्रतियोगिता की सफलता पर शुभकामनाएं दीं। वहीं सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि खेल से अनुशासन, टीमवर्क और धैर्य जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार सहित शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षक लेफ्टिनेंट डॉ. अमन वर्मा, प्रदीप कुमार रजक, पिंटू सर, धनेश्वर सर एवं राजू सर उपस्थित रहे।
अंत में सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।