रामगढ़, 11 अप्रैल: झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी द्वारा रामगढ़ जिला समाहरणालय परिसर में संचालित पलाश मार्ट का भव्य उद्घाटन किया गया। यह मार्ट ग्रामीण महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को सीधे बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रामगढ़ विधायक ममता देवी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा, “पलाश मार्ट महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मविश्वास का जीवंत प्रतीक है। यह उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।”
विधायक महोदया ने समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए शुद्ध और जैविक उत्पादों की सराहना की तथा आम जनता से अपील की कि वे इन उत्पादों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि इन प्राकृतिक उत्पादों का उपयोग करने से शरीर स्वस्थ रहता है।
विशिष्ट अतिथि आशीष अग्रवाल, उप विकास आयुक्त, रामगढ़ ने अपने संबोधन में कहा कि पलाश मार्ट स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों को एक स्थायी पहचान देगा। इस पहल से न केवल महिलाओं की आय में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
पलाश मार्ट में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हाथों से तैयार किए गए विविध उत्पाद उपलब्ध हैं, जिनमें अचार, पापड़, मडुवा आटा, मकई आटा, अरवा चावल, सर्फ, साबुन, बांस की टोकरी, वुडेन क्राफ्ट, दीया, कैंडल, चूड़ी, कंगन आदि प्रमुख हैं। ये सभी उत्पाद पूरी तरह शुद्ध, प्राकृतिक और जैविक तरीके से तैयार किए गए हैं, जो स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होने के साथ-साथ पर्यावरण-अनुकूल भी हैं।
यह मार्ट ग्रामीण महिलाओं को अपना हुनर निखारने और आत्मनिर्भर बनने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है। उनके उत्पादों को अच्छा बाजार मिलने से आय बढ़ रही है और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। राज्य सरकार की महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में यह एक सराहनीय पहल है।
समारोह में रीता सिंह (जिला कार्यक्रम प्रबंधक, JSLPS रामगढ़), जिला प्रबंधक (स्किल), अन्य पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूह की दीदियां और कार्यालय कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।