शिक्षा और स्वास्थ्य, दोनों मिलकर एक विकसित राष्ट्र का निर्माण करते हैं:-कुलाधिपति बी एन साह
रामगढ़, 07 अप्रैल: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार को रामगढ़ ब्लॉक चौक में आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वास्थ्य जागरूकता का प्रभावशाली संदेश दिया।
छात्रों को दो टीमों में बांटा गया। पहली टीम ने स्वस्थ जीवनशैली को दर्शाया जिसमें नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, अनुशासन और अच्छी आदतों को जीवंत रूप से दिखाया गया। वहीं दूसरी टीम ने अस्वस्थ जीवनशैली के दुष्परिणामों को उजागर किया- जंक फूड, शारीरिक गतिविधि की कमी और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही के कारण होने वाली समस्याओं को नाटकीय अंदाज में प्रस्तुत किया।
इस नुक्कड़ नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने आम जनता को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी एन साह ने शुभकामना संदेश में कहा, “शिक्षा और स्वास्थ्य, दोनों मिलकर एक विकसित राष्ट्र का निर्माण करते हैं। स्वस्थ युवा ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं।”
सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। हमें हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम की सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने शारीरिक शिक्षा विभाग के सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी।
मौके पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष लेफ्टिनेंट डॉ. अमन कुमार, प्रदीप कुमार रजक, धनेश्वर बी.पी., राजू साव, पिंटू कुमार पाण्डेय सहित अन्य व्याख्याता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।