रांची, 8 फरवरी 2026: झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम सीताडीह में संचालित एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। छापेमारी के दौरान 19 तैयार देसी हथियार , 4 अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को 6 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि अनगड़ा थाना अंतर्गत ग्राम सीताडीह निवासी एक व्यक्ति अवैध रूप से हथियार बनाकर उनकी बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी नारायण लोहरा, उम्र लगभग 60 वर्ष, पिता स्व. कलिया लोहरा के घर पर छापेमारी की।
पूछताछ में आरोपी ने अवैध हथियार निर्माण की बात कबूल की। तलाशी के दौरान घर के विभिन्न हिस्सों से 10 निर्मित सिंगल बैरल हथियार बरामद हुए, जबकि घर के पीछे शौचालय के नीचे छिपाकर रखे गए 9 सिंगल बैरल हथियार भी जब्त किए गए। कुल 19 देसी अवैध हथियार, 4 अर्धनिर्मित अग्नेयास्त्र और हथियार निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के 4 सेट बरामद हुए। आरोपी ने कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सका।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले लोहार का काम करता था, लेकिन अधिक मुनाफे के लालच में अवैध हथियार बनाने के धंधे में शामिल हो गया था। प्रत्येक हथियार की अवैध बिक्री 10 से 15 हजार रुपये में की जाती थी। यह फैक्ट्री मुख्य रूप से घरेलू स्तर पर चल रही थी और स्थानीय स्तर पर हथियारों की आपूर्ति का काम कर रही थी।
एसएसपी रांची के निर्देश पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस जांच कर रही है कि क्या यह बड़े नेटवर्क का हिस्सा है या अन्य लोगों का इसमें हाथ है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।