राँची/रामगढ़, 3 फरवरी 2026: झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक बोर्ड परीक्षाएं आज मंगलवार, 3 फरवरी 2026 से राज्यभर में शुरू हो गई हैं। इस वर्ष कुल 7 लाख 48 हजार से अधिक परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में भाग ले रहे हैं, जिसमें मैट्रिक के लगभग 4 लाख 23 हजार 821 और इंटर के 3 लाख 24 हजार 321 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं। पहली पाली में मैट्रिक की परीक्षा सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक और दूसरी पाली में इंटर की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चल रही है। आज पहले दिन व्यावसायिक विषयों की परीक्षा हो रही है।
राज्य में कुल 1,989 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें मैट्रिक के लिए 1,232 और इंटर के लिए 757 केंद्र शामिल हैं। निष्पक्ष और कदाचार-मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा और वितरण की जिम्मेदारी जिला प्रशासन तथा पुलिस को सौंपी गई है।
जैक सचिव ने बताया कि परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों से अपील की गई है कि वे परीक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से दूर रहें। मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी 2026 तक और इंटर परीक्षा 23 फरवरी 2026 तक चलेगी।