रामगढ़: 31 जनवरी: नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगर,पालिका चुनाव सह उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में व्यय प्रेक्षक इंद्रजीत सिंह भी गरिमामयी उपस्थिति में शामिल रहे।
प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर पदाधिकारी, सेक्टर पुलिस पदाधिकारी, फ्लाइंग स्क्वॉड टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम, वीडियो सर्विलांस टीम, वीडियो व्यूइंग टीम, अकाउंटिंग टीम और लिकर मॉनिटरिंग टीम के सदस्यों को उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन, अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी और निर्वाचन व्यय पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित करने को सभी टीमों की प्रमुख जिम्मेदारी बताया।
अपर निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने विभिन्न टीमों की भूमिका, आपसी समन्वय, रिपोर्टिंग प्रक्रिया, तकनीकी उपकरणों के उपयोग तथा चुनाव के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति से निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम रामगढ़ में आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां जिला प्रशासन निष्पक्ष और सुचारु चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सजग है।