रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़: राधा गोविंद विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में 15 दिसंबर 2025 से 23 दिसंबर 2025 तक व्याख्यान श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है। यह श्रृंखला विभिन्न तिथियों में आयोजित होगी, जिसका उद्देश्य शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को नवीन शैक्षणिक विचारों से जोड़ना है।
व्याख्यान श्रृंखला के प्रथम दिन मुख्य वक्ता के रूप में रामशोभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, वानखेता (रामगढ़) की प्राचार्या डॉ. ज्योति वालिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता एवं विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर विधिवत रूप से किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने आगंतुक अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए व्याख्यान श्रृंखला को शैक्षणिक दृष्टि से अत्यंत उपयोगी बताया। वहीं विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित यह व्याख्यान श्रृंखला ज्ञान-विस्तार, चिंतन एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की व्याख्यान श्रृंखलाएं छात्रों के ज्ञान में वृद्धि करने के साथ-साथ उन्हें व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
मुख्य वक्ता डॉ. ज्योति वालिया ने “प्रैक्टिकल पेडागॉजी फॉर रियल क्लासरूम” विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को एक्सपीरिएंशियल लर्निंग की अवधारणा से अवगत कराते हुए पेडागॉजी में लर्निंग बाय डूइंग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, शिक्षा विभाग के सभी व्याख्याता तथा लगभग 200 प्रशिक्षु उपस्थित रहे।